प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालाघाट में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अंतर्गत भारतीय सांस्कृतिक इतिहास, ज्योतिर्लिंग परंपरा, मंदिर स्थापना एवं सांस्कृतिक पुनर्जागरण विषय पर सोमनाथ संवाद व्याख्यानमाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ।

आयोजन प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे के मार्गदर्शन में किया गया।कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रसिद्ध रंगकर्मी, कवि एवं साहित्यकार श्री अशोक सागर मिश्र उपस्थित रहे। उन्होंने सोमनाथ ज्योतिर्लिंग की स्थापना, शिवलिंग के प्राचीन इतिहास तथा मंदिर की वैज्ञानिक एवं तकनीकी विशेषताओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम संयोजक डॉ. आशा गोहे ने सोमनाथ मंदिर और बारह ज्योतिर्लिंगों के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी।दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. विजय यादव ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व को भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को उपनिषदों के अध्ययन के लिए प्रेरित किया। इतिहास विभाग की अतिथि विद्वान सुश्री प्राशु गौतम ने सोमनाथ मंदिर को भारतीय आस्था, सांस्कृतिक विरासत और पुनर्जागरण का प्रतीक बताया।इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए सोमनाथ सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता का आयोजन प्रो. विजय यादव एवं डॉ. गीतेश पटले ने किया। विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। मंच संचालन सुश्री प्राशु गौतम ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. आशा गोहे ने किया।