मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) अभियान का आयोजन 6 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत छूटे हुए हितग्राहियों को कृमिनाशक दवा उपलब्ध कराने के लिए 9 अक्टूबर 2026 को मॉप-अप दिवस आयोजित किया जाएगा। अभियान कलेक्टर जिला सिंगरौली के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग के नोडल नेतृत्व में संचालित होगा। अभियान के तहत जिले में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 5 लाख 40 हजार 982 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों तथा 20 से 49 वर्ष आयु वर्ग की 82 हजार 126 प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं सहित कुल 6 लाख 23 हजार 108 लक्षित हितग्राहियों को कृमिनाशक दवा उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विद्यालयों, मदरसों, निजी विद्यालयों, आंगनवाड़ी केन्द्रों, जनजातीय आश्रमों एवं अन्य संस्थानों में निर्धारित आयु वर्ग के हितग्राहियों को प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं एवं नोडल शिक्षकों की निगरानी में एल्बेंडाजोल की खुराक दी जाएगी।

अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य, स्कूल शिक्षा, जनजातीय कार्य, महिला एवं बाल विकास तथा पंचायत सहित संबंधित विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई है। जिला प्रशासन ने अभिभावकों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे अपने पात्र बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को निर्धारित दिवस पर कृमिनाशक दवा का सेवन अवश्य कराएं तथा जो हितग्राही 6 अक्टूबर को दवा सेवन से छूट जाएं, उन्हें 9 अक्टूबर के मॉप-अप दिवस पर दवा सेवन के लिए प्रेरित कर अभियान में शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करें।