मध्य प्रदेश शासन की प्रतिभाशाली विद्यार्थी स्कूटी वितरण योजना के अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट उ. मा. विद्यालय मंदसौर में जिला स्तरीय ई. स्कूटी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार थी
कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं स्वागत उद्बोधन जिला शिक्षा अधिकारी श्री पंकज जाट ने दियाविशेष अतिथि के रूप में पूर्व विधायक श्री यशपाल सिंह सिसोदिया उपस्थित रहे। अतिथि के रूप में नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती नम्रता चावला एवं वार्ड पार्षद श्रीमती सुनीता भावसार मंचासीन रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ अतिथियों द्वारा हुआ। अतिथियों का स्वागत पुष्पमाला द्वारा किया गया।
नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती नम्रता चावला एवं वार्ड पार्षद श्रीमती सुनीता भावसार ने अपने उद्बोधन में सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह योजना विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है।
विशेष अतिथि श्री यशपाल सिंह सिसोदिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह ई. स्कूटी आपकी मेहनत और लगन का पुरस्कार है। जीवन में हमेशा बड़ा लक्ष्य रखें, अनुशासित रहें और अपने जिले व प्रदेश का नाम रोशन करें।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार ने कहा कि बेटी-बेटा दोनों को समान शिक्षा मिलना जरूरी है। राज्य सरकार विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कृतसंकल्पित है। सभी विद्यार्थी यातायात नियमों का पालन करें और हेलमेट का उपयोग अवश्य करें।
कार्यक्रम में ब्लॉक स्तर के 16 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा स्कूटी की चाबी वितरित की गई। स्कूटी पाकर छात्र-छात्राओं में हर्ष व्याप्त रहा।
कार्यक्रम का संचालन सुश्री खुशबू शर्मा ने किया एवं आभार प्राचार्य उत्कृष्ट विद्यालय श्री के. सी. सोलंकी जी ने माना। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षकगण, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।





