छिंदवाड़ा जिले में 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताओं सहित कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। एक महीने तक चलने वाले अभियान की तैयारियों और विभागों की जिम्मेदारियों पर कलेक्टर कार्यालय में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने चर्चा की।
शासन के निर्देश पर प्रस्तावित यह अभियान 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इसका उद्देश्य जनभागीदारी बढ़ाना, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना और पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाने का प्रयास करना है।
शिविर, प्रतियोगिताएं और यात्राएं होंगी
अभियान में ‘आशीर्वाद का दीया’, रक्तदान शिविर, ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’, आंगन मिलन सेवा और सेवा की कहानी जैसी गतिविधियां प्रस्तावित हैं। सेवा ज्योति कलश यात्रा, वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा और ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम भी सूची में शामिल हैं।
‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’, सुशासन सेवा संवाद और ‘25 साल—25 कहानियां’ गतिविधि भी आयोजित की जाएगी। बैठक में ग्रामीण और शहरी, दोनों क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम करने तथा अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
विभागों को समयबद्ध तैयारी के निर्देश
कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित गतिविधियां समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों के बीच समन्वय बनाकर अभियान को जिले में व्यापक स्तर तक पहुंचाने को कहा।
बैठक में अमरवाड़ा विधायक कमलेश प्रताप शाह, शेषराव यादव, चौरई के पूर्व विधायक पं. रमेश दुबे, पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय और अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे। जनप्रतिनिधियों ने अभियान को जनोन्मुखी बनाने के लिए सुझाव भी दिए।



