अनूपपुर जिले में 17 सितंबर से महीनेभर चलने वाला ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू होगा। 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित इस अभियान में जनसेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकार से जुड़ी गतिविधियों के साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
अभियान के संचालन के लिए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। अपर कलेक्टर बलबीर रमन सहायक नोडल अधिकारी होंगे।
दीप प्रज्ज्वलन से होगी शुरुआत
पहले दिन 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम प्रस्तावित है। प्रमुख सार्वजनिक और ऐतिहासिक स्थलों, ग्राम पंचायतों तथा नगरीय क्षेत्रों के साथ सरकारी योजनाओं के लाभार्थी परिवारों के घरों पर भी दीप जलाए जाएंगे।
विद्यालयों और महाविद्यालयों में 19 से 26 सितंबर तक ‘मेरे सपनों का भारत चित्र सेवा’ के तहत चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। वहीं 19 सितंबर से 5 अक्टूबर तक नुक्कड़ नाटकों के जरिये गांवों में योजनाओं और सेवा कार्यों की जानकारी देने की योजना है।
पोषण से लेकर रक्तदान तक कार्यक्रम
आंगनबाड़ी केंद्रों में 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक बच्चों और माताओं के लिए पोषण, खेल तथा पठन सामग्री से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। योजनाओं से लाभ पाने वाले हितग्राहियों की सफलता की कहानियां भी ‘सेवा की कहानी’ के तहत प्रसारित की जाएंगी।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकालकर जिला मुख्यालय लाने का कार्यक्रम है। इसके अलावा 2 से 10 अक्टूबर के बीच रक्तदान, स्वास्थ्य जांच, वृक्षारोपण, स्वच्छता, जल संरक्षण, सड़क सुरक्षा, महिला स्वास्थ्य, दिव्यांगजन सहयोग और मतदाता जागरूकता से जुड़े आयोजन होंगे।
जिले के 10 नगरीय निकायों और चार विकासखंडों में मेगा जनसमस्या निवारण शिविर लगाने की भी योजना है। कलेक्टर रत्नाकर झा ने अधिकारियों को तय समय में तैयारियां पूरी करने और नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।





