कलेक्टर डॉ.सौरभ संजय सोनवणे ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रातः 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं ध्यान पूर्वक सुनीं। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, बिजली, पानी सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुई। इस दौरान उन्होंने कई प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर ही निराकरण कराया, वहीं शेष मामलों में समय-सीमा तय करते हुए अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में ग्राम चिखली निवासी शिवदयाल ने

नेशनल हाईवे में अधिकृत भूमि और मकान का मुआवजा दिलाए जाने के संबंध में आवेदन दिया। आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुन कलेक्टर ने भैंसदेही एसडीएम को जांच कर आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ.सोनवणे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनसुनवाई में दोबारा न आना पड़े। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनी। इस अवसर पर सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

जनसुनवाई में चिचोली के राजेश यादव ने मजदूरी का भुगतान नहीं मिलने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर ने चिचोली जनपद सीईओ को जांच कर तत्काल आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम कोयलारी निवासी राजेंद्र लोखंडे ने जल संसाधन विभाग द्वारा न्यायालय के आदेश की अवहेलना किए जाने संबंधी शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित ईई को आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।

आमला तहसील के ग्राम सोमवारी निवासी मुकेश राव ने कब्जा दिलाने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर ने आमला एसडीएम को जांच कर आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम कासमार निवासी प्रेम काजले ने नामांतरण नहीं किए जाने की शिकायत की, जिस पर उन्होंने तहसीलदार चिचोली को शीघ्र आवेदक के समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।

आठनेर तहसील के ग्राम पात्रा निवासी फगली ने पिता के नाम की पैत्रक भूमि में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने आठनेर तहसीलदार को जांच कर आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। शाहपुर के ग्राम कालापानी के ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत झापडी में अनियमितता की जांच कर उचित कार्यवाही के किए जाने संबंध में आवेदन दिया।

जिस पर कलेक्टर ने शाहपुर जनपद पंचायत सीईओ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मुलताई तहसील के ग्राम रावा निवासी उर्मिला ने खसरा, रकबा अभिलेखों में हुई गड़बड़ी की जांच किए जाने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर मुलताई एसडीएम को जांच कर आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।