स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक संचालित स्वच्छता पखवाड़े के तहत जिले में विभिन्न स्वच्छता एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पिपलोन कला में ब्लॉक स्तरीय स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
“एक घंटा, एक दिन, एक समय” गतिविधि के अंतर्गत प्रातः 08 से 09 बजे तक जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से श्रमदान किया। ग्राम के मुख्य मार्ग हनुमानगढ़ी से बस स्टैंड चौराहे तक साफ-सफाई कर दृश्य स्वच्छता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। इस दौरान उपस्थित जनसमुदाय को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
व्यवसायियों से संवाद, सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी की अपील
स्वच्छता गतिविधि के साथ ही क्षेत्र के होटल एवं सब्जी व्यवसायियों से डोर-टू-डोर संपर्क कर स्वच्छता के प्रति एडवोकेसी की गई। व्यवसायियों से सिंगल यूज प्लास्टिक तथा डिस्पोजेबल चाय कप का उपयोग नहीं करने, कचरे को निर्धारित तरीके से देने तथा स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई। ग्रामीणों को स्वच्छ पर्यावरण एवं बेहतर स्वच्छता व्यवहार अपनाकर बीमारियों से बचाव तथा स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
“गाड़ी वाला आया, घर से कचरा निकाल...” गीत से दिया स्वच्छता संदेश
कार्यक्रम के दौरान कचरा संग्रहण वाहन के माध्यम से “गाड़ी वाला आया, घर से कचरा निकाल...” गीत के जरिए स्वच्छता का संदेश दिया गया। नागरिकों को घर-घर से गीला, सूखा एवं सेनेटरी अपशिष्ट पृथक-पृथक संकलित करने तथा नियमित कचरा संग्रहण व्यवस्था में सहयोग करने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में स्वच्छता कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वच्छता साथी श्रीमती हसीना बी., श्री इस्माइल एवं श्री जावेद का प्रबुद्ध नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सुश्री अंजली बड़ोले, जिला समन्वयक एसबीएम श्री पवन स्वर्णकार की सहभागिता रही।
इस अवसर पर श्री प्रहलाद सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य श्री मोहनलाल मकवाना, सरपंच प्रतिनिधि श्री रामचंद्र राठौर, श्री सतपाल सिंह, श्री महेश मित्तल सहित प्रबुद्ध नागरिक श्री संजय कुलेरा, श्री लेखराज कुलेरा, श्री अशोक टेलर, श्री सम्राट जायसवाल, श्री हेमचन्द्र जैन तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समन्वय एवं आयोजन में जनपद पंचायत से जनपद कार्यालय के अधिकारी कर्मचारी पंचायतों के सचिव, रोजगार सहायकों नेभी सहभागिता की।






