कटनी में आयोजित जनसुनवाई में 206 लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। कलेक्टर तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की तथ्यात्मक जांच कर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सुनवाई में भवन निर्माण, अतिक्रमण, आवास, वेतन भुगतान और बिजली बिल से जुड़े आवेदन आए। नामांतरण तथा राजस्व अभिलेखों में सुधार की मांग भी लोगों ने रखी।
जमीन के नामांतरण और बिजली बिल की शिकायत
पिपरिया कला निवासी होरीलाल चक्रवर्ती ने ग्राम खिरहनी में विक्रय पत्र के आधार पर खरीदी गई भूमि का नामांतरण नहीं होने की शिकायत की। बरगवां निवासी मंजू चौरसिया ने खपत से अधिक बिजली बिल आने की जांच और उसमें सुधार का अनुरोध किया।
रीठी तहसील के ग्राम निटर्रा की सुमन पांडे ने आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन दिया। ग्राम हरद्वारा निवासी रोहणी प्रसाद ने भूमि के राजस्व रिकॉर्ड में सुधार की मांग रखी।
सफाई कार्य के भुगतान का मामला भी पहुंचा
छेदीलाल ने माधवनगर कैम्प स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावास में किए गए सफाई कार्य का भुगतान कराने के लिए आवेदन सौंपा। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम कटनी जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर प्रमोद चतुर्वेदी और विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने कहा कि नागरिकों को समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अब संबंधित विभागों को प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार निराकरण करना है।




